इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

ईश्‍वर के साथ रिश्‍ता

ईश्‍वर के साथ रिश्‍ता

इस पत्रिका के पहले लेख में बताया गया था कि कई लोगों की नज़र में बाइबल एक पवित्र किताब है। जब वे बाइबल पढ़ते हैं और उसकी सलाह मानते हैं, तो वे ईश्‍वर के और करीब महसूस करते हैं और जान पाते हैं कि ज़िंदगी का मकसद क्या है।

बाइबल बताती है कि ‘परमेश्‍वर की सोच रखनेवाले’ लोग ज़िंदगी के बारे में सही नज़रिया रखते हैं। (1 कुरिंथियों 2:15क) वे हर मामले में ईश्‍वर की सोच जानने की कोशिश करते हैं। वहीं दूसरी तरफ जो ईश्‍वर से मार्गदर्शन नहीं पाना चाहते वे अपनी ही सोच के मुताबिक काम करते हैं।—इफिसियों 5:1.

आशा

बाइबल की सलाह: “दुख की घड़ी में अगर तू निराश हो जाए, तो तुझमें बहुत कम ताकत रह जाएगी।”—नीतिवचन 24:10, फुटनोट।

इसका क्या मतलब है? अगर हम निराश हो जाएँ तो हम मुश्‍किलों का सामना नहीं कर पाएँगे। लेकिन आशा रखने से हम इनका सामना कर सकते हैं। हमें इस बात से भी दिलासा मिलता है कि कुछ परेशानियाँ सिर्फ पल भर के लिए होती हैं और कभी-कभी इनके अच्छे नतीजे भी निकलते हैं।

आप क्या कर सकते हैं? भविष्य के बारे में अच्छा सोचिए। जो घटना हुई नहीं  है, उसके बारे में सोचकर परेशान मत होइए। अगर आपने कुछ लक्ष्य रखें हैं, तो उन्हें पूरे करने की कोशिश कीजिए। हालात के अच्छे होने तक का इंतज़ार मत कीजिए। कभी-कभी हमें “मुसीबत की घड़ी” से गुज़रना पड़ता है। (सभोपदेशक 9:11) फिर भी अकसर हमारे हालात इतने अच्छे हो जाते हैं, जितने अच्छे होने की शायद हमने उम्मीद भी नहीं की होगी। बाइबल में कितनी सही मिसाल दी गयी है, “सुबह अपना बीज बो और शाम तक अपना हाथ मत रोक क्योंकि तू नहीं जानता कौन-सा बीज उगेगा, यहाँ वाला या वहाँ वाला, या फिर दोनों उगेंगे।”—सभोपदेशक 11:6.

ज़िंदगी से जुड़े ज़रूरी सवालों के जवाब

बाइबल की सलाह: ‘मुझे समझ दे। तेरे वचन का निचोड़ ही सच्चाई है।’—भजन 119:144, 160.

इसका क्या मतलब है? बाइबल में उन सवालों के जवाब दिए गए हैं जो आम तौर पर कई लोग पूछते हैं। जैसे,

  • हम इंसानों को क्यों बनाया गया है?

  • अच्छे लोगों के साथ बुरा क्यों होता है?

  • मरने के बाद इंसान का क्या होता है?

  • आनेवाला कल कैसा होगा?

इनके और ऐसे ही दूसरे कई सवालों के जवाब जानने से दुनिया-भर में लाखों लोगों की ज़िंदगी बेहतर हुई है।

आप क्या कर सकते हैं? आप खुद जाँच सकते हैं कि बाइबल क्या सिखाती है। आप चाहें तो अपने इलाके के किसी यहोवा के साक्षी से भी मदद ले सकते हैं। आप हमारी वेबसाइट jw.org पर जा सकते हैं या हमारी सभाओं में आ सकते हैं। वहाँ किसी से कोई पैसा नहीं लिया जाता।

बाइबल की कुछ और सलाह

आप jw.org पर बाइबल का अध्ययन क्यों करें?  नाम का वीडियो देख सकते हैं। यह 880 से ज़्यादा भाषाओं में उपलब्ध है

परमेश्‍वर को जानिए और उसके मार्गदर्शन पर चलिए।

“सुखी हैं वे जिनमें परमेश्‍वर से मार्गदर्शन पाने की भूख है।”—मत्ती 5:3.

बाइबल से परमेश्‍वर के बारे में जानिए।

‘परमेश्‍वर को ढूँढ़ो और उसकी खोज करो और वाकई उसे पा लो। वह हममें से किसी से भी दूर नहीं है।’—प्रेषितों 17:27.

बाइबल पढ़िए और जानिए कि उसका संदेश क्या है।

‘सुखी है वह इंसान जो यहोवा* के कानून से खुशी पाता है, दिन-रात उसके कानून पर मनन करता है। वह आदमी अपने हर काम में कामयाब होगा।’—भजन 1:1-3, फुटनोट।

बाइबल के मुताबिक परमेश्‍वर का नाम यहोवा है।